उत्तराखंड: प्रेमनगर में बरसाती बहाव का कहर, क्रेटा कार बही, दो की मौत, एक युवती घायल

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज बरसाती बहाव की चपेट में आने से एक क्रेटा कार बह गई। हादसे के समय कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। दुर्घटना में युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर क्षेत्र के कंडोली पुल के पास देर रात भारी बारिश के कारण बरसाती पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान एक क्रेटा कार तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक युवती को घायल अवस्था में बरामद किया। उसे तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं सर्च अभियान के दौरान कार सवार अक्षय (20) और एक अन्य युवती के शव बरामद किए गए। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस और SDRF की टीम ने घटनास्थल के आसपास सर्च अभियान चलाया और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज बरसाती बहाव को माना जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश के दौरान बरसाती नालों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की है। विशेषकर रात के समय ऐसे स्थानों पर आवाजाही करते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *