उत्तराखंड : जंगल की आग ने दुकान को लिया चपेट में, लाखों का सामान जलकर राख
विकासनगर/चकराता। उत्तराखंड में फायर सीजन के दौरान जंगलों में लग रही आग अब आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचने लगी है। चकराता तहसील अंतर्गत सहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर फैडोलानी क्षेत्र में जंगल की झाड़ियों से उठी आग एक दुकान तक पहुंच गई, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार सहिया-क्वानू मोटर मार्ग के किनारे करीब छह दुकानें स्थित हैं। बीते दिन दुकानों के नीचे जंगल की ओर झाड़ियों में आग लगी हुई थी। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से फैलीं और एक दुकान तक पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल वन विभाग, राजस्व विभाग और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक फैडोलानी स्थित दुकान आग की चपेट में आ चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुकान बंद थी। आग लगने से दुकान में रखा फ्रीज समेत अन्य सामान पूरी तरह जल गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वन क्षेत्राधिकारी मायादत्त पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। वहीं क्षेत्रीय पटवारी जगतराम शर्मा ने बताया कि अष्टी गांव निवासी जवाहर सिंह की दुकान के नीचे झाड़ियों से आग फैलने के कारण यह हादसा हुआ। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इधर, तहसील क्षेत्र के मलेथा ग्राम पंचायत के धारिया गांव में भी हाल ही में एक ग्रामीण की गौशाला में भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें लकड़ियां और कृषि कार्य से जुड़ा सामान जलकर नष्ट हो गया था। वहीं, चमोली जिले के लोल्टी गांव के चकोरिधार तोक में भी जंगल की आग आवासीय बस्ती की ओर बढ़ने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था। हालांकि वन विभाग और स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
